बिलासपुर , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस की वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक आरक्षक को महंगा पड़ गया।
थाना मस्तूरी में पदस्थ आरक्षक देवचंद केंवट को वायरल वीडियो के बाद तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि वर्दी में इस तरह का वीडियो बनाना विभागीय अनुशासन के खिलाफ है। इसे पुलिस वर्दी का दुरुपयोग और अशोभनीय आचरण माना गया है, जिससे विभाग की छवि पर भी असर पड़ता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरक्षक को रक्षित केंद्र, बिलासपुर अटैच कर दिया है। विभाग का मानना है कि वर्दी जिम्मेदारी और सम्मान का प्रतीक है, न कि मनोरंजन या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने का जरिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित