उज्जैन , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात वर्चस्व को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। इस दौरान धारदार हथियारों से किए गए हमले में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार कनीपुरा रोड स्थित एक ढाबे पर देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के बाद संघर्ष की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें राहुल दरबार और जितेंद्र पंवार की मौत हो गई। घटना में दो अन्य लोग घायल हुए हैं।
सूचना मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना में शामिल संदिग्ध आरोपियों की पहचान और तलाश कर रही है। विवाद के कारणों तथा हमले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित