कोलकाता , मार्च 21 -- टी 20 विश्व कप स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के लिए दोनों तरह का रहा। 14 विकेट के साथ भले ही उन्होंने टीम के लिए संयुक्त तौर पर सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ के तौर पर टूर्नामेंट को समाप्त किया लेकिन टूर्नामेंट के दूसरे चरण में वह अधिक विकेट नहीं ले पाए। पहले चार मुक़ाबलों में उन्होंने नौ विकेट लिए जबकि सुपर-8 और नॉकआउट स्टेज में वह कुल पांच विकेट ही ले पाए।

केकेआर के प्री सीज़न प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान नायर और कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि विश्व कप और आईपीएल के बीच क्रिकेटर को ब्रेक की ज़रूरत होती है और उन्होंने कहा कि केकेआर वरुण के फ़ॉर्म को लेकर चिंतित नहीं है। नायर ने कहा, "मुझे लगता है जब टी 20 क्रिकेट में आपके पास लंबा करियर होता है तो ऐसी चीज़ें होती हैं। यह सिर्फ़ ऐसा ही जैसे कभी बल्लेबाज़ के बल्ले से रन नहीं निकलते। बहुत बल्लेबाज़ कभी रन स्कोर करते हैं और बहुत बार नहीं भी कर पाते हैं। और क्रिकेट ऐसा ही है। वरुण ने पिछले साल में काफ़ी टी20 क्रिकेट खेली है तो इसलिए काफ़ी कारण होते हैं। कभी कभी परिस्थितियां गेंदबाज़ी की शैली को मदद नहीं करती हैं।

"आपको यह भी समझना होगा कि वह टीम के लिए हमेशा बाद के ओवर डालते हैं, कभी पावरप्ले में भी डालते हैं और कभी ऐसे समय में डालते हैं जब बल्लेबाज़ सेट हो चुके होते हैं। तो मैं यह नहीं कहूंगा कि उनके साथ कुछ ग़लत है। उन्हें विश्व कप के बाद 10 दिन का ब्रेक मिला है। मुझे लगता है कि कभी कभी क्रिकेटर को ब्रेक की जरूरत होती है। टीम स्पोर्ट की ख़ासियत यही है कि जब वरुण लय में नहीं होंगे तो कोई और यह काम करेगा। हम वरुण पर दबाव नहीं डालना चाहते। वह एक ऐसे गेंदबाज रहे हैं जिन्होंने हमारे लिए साल दर साल अच्छा प्रदर्शन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित