बारां , अगस्त 02 -- राजस्थान में बारां जिले के वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध साहित्यकार कन्हैयालाल शर्मा की नव प्रकाशित पांचवीं काव्य कृति 'तपन' रविवार को गरिमामय समारोह में विमोचन किया गया। इस अवसर पर जिले की प्रतिष्ठित संस्थाओं की ओर से कृतिकार का नागरिक अभिनंदन भी किया गया।

स्वास्थ्य एवं शारीरिक शिक्षा विकास समिति के तत्वावधान में कोटा रोड स्थित विवान रिसोर्ट में आज शाम आयोजित गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि विधायक राधेश्याम बैरवा ने कहा कि साहित्यकार कन्हैयालाल शर्मा ने अपने जीवन के दीर्घकालिक अनुभवों को साहित्य के माध्यम से बेहद खूबसूरती से साझा किया है। इनकी कृतियां समाज को नैतिकता का पाठ पढ़ाने के साथ जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित करती हैं।

समारोह में विशिष्ट अतिथियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग, भारतमाता कॉलेज के निदेशक मजीद मलिक कमांडो, फुटबॉल संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्मल माथोडिया, अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि सुरेंद्र यादवेंद्र, हिंदी साहित्य भारती के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश सोनी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गैंदालाल रैगर, पेंशनर समाज के जिलाध्यक्ष दिनेशचंद्र गुप्ता शामिल रहे।

अखिल भारतीय साहित्य परिषद के पदाधिकारी प्रद्युम्न वर्मा ने पुस्तक और कृतिकार का परिचय देते हुए कहा कि शर्मा के साहित्य में सामाजिक समस्याओं के यथार्थ चित्रण के साथ-साथ उनकेसमाधान की राह भी स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।

समारोह के दौरान संस्कृत के प्रतिष्ठित साहित्यकार कौशल तिवारी का भी विशेष रूप से सम्मान किया गया। विमोचन समारोह से पूर्व काव्य गोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित