मैनपुरी , अगस्त 26 -- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने वाली 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा' योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेशभर में विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया गया। रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक महिलाओं को एक सहयात्री सहित उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और सिटी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मैनपुरी के राज मैरिज होम में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भोगांव विधायक रामनरेश अग्निहोत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं को साड़ी और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को आधार कार्ड अथवा मतदाता पहचान पत्र दिखाने पर निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा 29 अगस्त से प्रभावी होगी और वरिष्ठ महिलाएं पूरे वर्ष प्रदेश में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास की अग्रिम पंक्ति में खड़ी शक्ति के रूप में देख रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार बुजुर्ग माता-पिता के सम्मान और सुरक्षा को लेकर भी गंभीर है। यदि संतान माता-पिता की देखभाल नहीं करती या उनके साथ दुर्व्यवहार करती है तो ऐसी संतान को संपत्ति से बेदखल करने की व्यवस्था की गई है।
रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई के नाम से शुरू की गई यह योजना 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले मुख्यमंत्री ने प्रदेश की बहनों को सम्मान और सुरक्षा का उपहार दिया है। निःशुल्क यात्रा सुविधा से महिलाओं को अपने मायके जाने में सहूलियत मिलेगी।
कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं प्राची, दिव्यांशी, कनक सिंह, सिमरन, शालिनी, अंजली, शीतल, रश्मि, दीक्षा, वंशिका और सुहानी ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी दीर्घायु की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्यामलता आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। संचालन सतीश मधुप ने किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित