हनुमानगढ़ , अक्टूबर 09 -- राजस्थान में देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत शुक्रवार को हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष तीर्थयात्री रेलगाड़ी रवाना हुई।

सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने शुक्रवार को बताया कि दोपहर दो बजकर 20 बजे रवाना हुई इस ट्रेन में हनुमानगढ़ जिले के 474 वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा पर गए। ट्रेन सूरतगढ़ के रास्ते रामेश्वरम-मदुरई पहुंचेगी। सूरतगढ़ रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर जिले के 501 यात्री भी इस यात्रा में शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर विशेष रेलगाड़ी को देवस्थान विभाग के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राज्य सरकार की ओर से पूरी ट्रेन वातानुकूलित उपलब्ध करवाई गई है, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा के दौरान सुविधा मिल सके। यात्रियों की देखरेख के लिए एक ट्रेन प्रभारी और प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारियों को अनुदेशक के रूप में नियुक्त किया गया है। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं के लिए एक डॉक्टर एवं दो नर्सिंग अधिकारी भी ट्रेन के साथ रवाना हुए हैं, जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित