चंडीगढ़ , सितंबर 01 -- पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ बलजीत कौर ने मंगलवार को बताया कि राज्य सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र कल्याण को मजबूत करने के लिए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 598.75 लाख रुपए की राज्य कार्ययोजना तैयार की है।
डॉ. कौर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर एक अक्टूबर को श्री मुक्तसर साहिब से राज्य स्तरीय 'साडे बुजुर्ग साडा मान' अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ उन्हें उपलब्ध अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि परिवारों, शिक्षण संस्थानों, युवा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय निकायों को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि बुजुर्गों को समाज में उचित सम्मान, देखभाल और पहचान मिल सके।
उन्होंने कहा कि जिन हाथों ने परिवारों को संभाला और समाज के निर्माण में योगदान दिया, वे जीवन के इस पड़ाव पर प्रेम, सम्मान और गरिमा के हकदार हैं। वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि राज्य कार्ययोजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच एवं मेडिकल कैंप, मोतियाबिंद की जांच व ऑपरेशन, जेरियाट्रिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना, प्रशिक्षित बुजुर्ग देखभालकर्ताओं की तैयारी, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम, उत्पादक वृद्धावस्था, जागरूकता अभियान, विभिन्न पीढ़ियों के बीच संवाद और वेलनेस कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
डॉ कौर ने स्वास्थ्य विभाग को वरिष्ठ नागरिकों के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश दिये, ताकि बीमारियों की समय पर पहचान, उपचार, आंखों की जांच और जरूरत पड़ने पर रेफरल सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने समुदाय स्तर पर प्रशिक्षित जेरियाट्रिक केयरगिवर्स की उपलब्धता बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को राज्य कार्ययोजना को समयबद्ध और परिणामोन्मुख तरीके से लागू करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि योजना की सफलता के लिए विभागों के बीच बेहतर तालमेल, नियमित निगरानी और जवाबदेही जरूरी है।
बैठक में प्रमुख सचिव गुरकीरत किरपाल सिंह, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. शीना अग्रवाल, पंजाब कौशल विकास मिशन की मिशन निदेशक अमृत सिंह, स्वास्थ्य सेवाओं की निदेशक डॉ. हितेंद्र कौर सहित आयुष, सूचना एवं जनसंपर्क तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिला स्तर पर कार्ययोजना लागू करने, क्षमता निर्माण, जागरूकता गतिविधियों, बजट के उपयोग, निगरानी व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गयी। डॉ. कौर ने विश्वास जताया कि संयुक्त प्रयासों से राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा और 'साडे बुजुर्ग साडा मान' अभियान बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को और मजबूत करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित