पटना , सितंबर 10 -- बिहार के जाने-माने अधिवक्ता एवं अधिवक्ताओं के लोकप्रिय प्रतिनिधि सूर्य देव यादव का गुरुवार को यहां करीब 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया।

स्वर्गीय यादव ने युवावस्था में ही पटना के लोक अभियोजक का दायित्व संभाला था और वह पटना के अब तक के सबसे कम उम्र के लोक अभियोजक रहे। बाद में उन्होंने पटना उच्च न्यायालय में सरकारी अधिवक्ता के रूप में सेवाएं दीं। वर्तमान में वह पटना उच्च न्यायालय में अपर महाधिवक्ता के पद पर कार्यरत थे।

श्री यादव बिहार के अधिवक्ताओं के बीच लोकप्रिय थे और लगातार दूसरी बार बिहार राज्य बार काउंसिल के सदस्य चुने गए थे।

जिला अधिवक्ता संघ, पटना के अधिवक्ताओं ने शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और दिनभर न्यायालय के कार्यों से खुद को अलग रखा। पटना सिविल कोर्ट के लोक अभियोजक एवं अपर लोक अभियोजकों ने भी शोकसभा आयोजित कर स्वर्गीय यादव को श्रद्धांजलि दी तथा उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

स्वर्गीय यादव अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके एक पुत्र चिकित्सक हैं, जबकि दूसरे पुत्र पटना उच्च न्यायालय में अधिवक्ता हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित