अलवर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में अधीनस्थ वन कर्मचारी संघ की ओर से शनिवार को वन मंत्री संजय शर्मा का साफा एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।

प्रदेश महामंत्री रामवीर गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में वन कर्मचारियों ने पिछले कई वर्षों से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करवाने के लिए वन मंत्री का आभार जताया। संघ ने इसे कर्मचारियों के लंबे संघर्ष की बड़ी जीत बताया।

संघ के प्रदेश महामंत्री रामवीर गुर्जर ने बताया कि वन विभाग में पिछले करीब छह वर्षों से नियम संशोधन के कारण पदोन्नति प्रक्रिया लंबित थी। इस मामले को लेकर संघ की ओर से वन मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों को बार-बार ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की गई। इसके बाद पिछले महीने सहायक वनपाल से वनपाल पद पर करीब 200 कर्मचारियों और वनरक्षक से सहायक वनपाल पद पर 471 से अधिक कर्मचारियों की पदोन्नति हुई। उन्होंने कहा कि पदोन्नति से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान वन मंत्री संजय शर्मा ने संघ के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि विभाग में रिक्त अन्य पदों पर भी शीघ्र पदोन्नति की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने दीपावली से पहले वन कर्मचारियों को पदोन्नति का तोहफा देने का आश्वासन दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित