कोटा , फरवरी 20 -- राजस्थान में कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में वन विभाग ने कुख्यात बदमाश के कब्जे से 20 बीघा जमीन को मुक्त कराया है।

कोटा के उपवन संरक्षक अपूर्व कृष्ण श्रीवास्तव ने शुक्रवार को बताया कि कालू भड़क के अतिक्रमण को हटाने के लिए पहले नोटिस दिया था। उसने खुद अतिक्रमण नहीं हटाया तो विभाग ने अतिक्रमण गिरा दिए। कार्रवाई करीब पांच घंटे चली। इसमें पक्के निर्माण भी गिराए गये।

लाडपुरा रेंजर इंद्रेश कुमार ने बताया कि कालू भड़क ने मवेशियों को रखने के लिए बाड़ा बनाया था, जिसे टीनशेड से कवर किया था। कुछ जगह झोंपडि़यां बनाकर फार्म हाउस की तरह विकसित किया गया था। बाकी क्षेत्र में चारदीवारी करके कृषि कार्य किया जा रहा था। अतिक्रमण काफी लंबे समय से था। यहां कुल 40 बीघा क्षेत्र से अतिक्रमण हटाया गया। पूरे अतिक्रमण में 20 बीघा कालू भड़क का था, जबकि शेष पर अन्य लोगों ने अतिक्रमण किया था।

कोटा सिटी पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि कालू भड़क को पकड़ा गया है। उसके पास सात अवैध हथियार और 27 कारतूस बरामद हुए । यह सब उसने किसी घटना को अंजाम देने को जुटाए थे। भड़क के खिलाफ 34 मामले दर्ज हैं। इनमें सात पुलिस पर गोलीबारी और हमले के हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित