बहराइच , सितम्बर 06 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में नानपारा रेंज अंतर्गत शिवपुर विकास खंड के ग्राम नेवादा पूरे कस्वाती में आबादी क्षेत्र के आसपास विचरण कर रही एक मादा तेंदुआ रविवार को वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गई।

वन क्षेत्राधिकारी नानपारा पीयूष गुप्ता ने बताया कि पिछले कई दिनों से ग्राम नेवादा पूरे कस्वाती और आसपास के क्षेत्रों में तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाएं मिल रही थीं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नानपारा रेंज की वन विभाग टीम ने क्षेत्र में सघन गश्त शुरू की और ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि तेंदुआ के आबादी क्षेत्र में आने से किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना और मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने पूरे क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाया। इस दौरान तेंदुआ के पदचिह्नों के आधार पर ग्राम नेवादा पूरे कस्वाती स्थित एक गन्ने के खेत में पिंजरा लगाया गया।

वनक्षेत्राधिकारी के अनुसार आज सुबह करीब छह बजे तेंदुआ पिंजरे में बंधी बकरी का शिकार करने के उद्देश्य से पिंजरे के अंदर घुसा और कैद हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से वन विभाग की टीम तेंदुआ को रेंज कार्यालय लेकर आई।

इसके बाद पशु चिकित्साधिकारी शिवपुर डॉ. मनोज वर्मा और उनकी टीम ने तेंदुआ का शारीरिक परीक्षण किया। जांच में तेंदुआ मादा, लगभग तीन से चार वर्ष आयु की और स्वस्थ पाई गई। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।

श्री पीयूष गुप्ता ने बताया कि प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव, लखनऊ से अनुमति मिलने के बाद तेंदुआ को उसके लिए उपयुक्त नए प्राकृतिक आवास स्थल में छोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि नानपारा रेंज क्षेत्र में गन्ने की फसलों की अधिकता और जंगल से सटे इलाकों के कारण कई बार तेंदुए आबादी क्षेत्र के करीब पहुंच जाते हैं। ऐसे में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग लगातार जागरूकता अभियान चला रहा है।

वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने, बच्चों और बुजुर्गों को अकेले खेतों की ओर न भेजने तथा किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्त कर रही है तथा ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित