अलवर , सितम्बर 09 -- राजस्थान में अलवर में वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं अलवर शहर विधायक संजय शर्मा ने बुधवार को केशव नगर स्थित अचीवर्स वर्ल्ड स्कूल मतदान केंद्र पर परिवार सहित पहुंचकर मतदान किया।

मतदान के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह चुनाव उन कार्यकर्ताओं का चुनाव है, जिन्होंने उनके चुनाव में उन्हें जीत दिलाने के लिए पूरी मेहनत की थी। भारतीय जनता पार्टी ने (भाजपा) ने पूरे मनोयोग से कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए टिकट दिए हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि अलवर नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने सभी प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई है। प्रत्याशियों का चयन सर्वेक्षण के आधार पर किया गया और अंतिम निर्णय पार्टी की चुनाव संचालन समिति एवं जयपुर स्तर से हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में उनकी व्यक्तिगत भूमिका नहीं थी। कुछ पुराने प्रत्याशियों को बदला गया और कुछ नए चेहरों को मौका दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसका परिणाम सुखद आएगा।

वार्ड 43 और 34 में हुई घटनाओं पर श्री शर्मा ने कहा कि उन्हें भी छुटपुट घटनाओं की सूचना मिली है। प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने अलवर शहरवासियों से शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करने का अनुरोध करते हुए कहा कि चुनाव केवल एक दिन का है, इसलिए चुनाव को मतदान हाेने तक ही सीमित रखें। चुनाव के कारण आपसी सद्भाव और भाईचारा खराब नहीं होना चाहिए। सभी लोग एक-दूसरे के सुख-दुख के साथी हैं और किसी भी कीमत पर माहौल खराब नहीं होना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित