, April 12 -- म.प्र. वन रक्षक हत्याकांड आरोपी मुरैना, 12 अप्रैल (यूनिवार्ता) मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के बहुचर्चित वन रक्षक हरकेश गुर्जर हत्याकांड में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पवन तोमर को आज मुखबिर की सूचना पर रपट के पूरा गांव से गिरफ्तार किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह डावर ने बताया कि 08 अप्रैल को दिमनी थाना क्षेत्र के ग्राम रानपुर तिराहे पर अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर ट्राली को रोकते समय ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी ने वन रक्षक हरकेश गुर्जर को कुचल कर हत्या कर दी थी। इस मामले में ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी, ट्रैक्टर मालिक सोनू चौहान और पवन तोमर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था।

पुलिस ने घटना के दूसरे दिन ही ट्रैक्टर जब्त कर आरोपी सोनू चौहान को गिरफ्तार कर लिया था। अब दूसरा आरोपी पवन तोमर भी पुलिस गिरफ्त में है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के लिए न्यायालय से रिमांड लिया जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी ट्रैक्टर चालक विनोद कोरी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। इस घटना ने जिले में अवैध रेत खनन और वन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित