बैतूल , फरवरी 20 -- मध्यप्रदेश में नर्मदापुरम संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने शुक्रवार को बैतूल सर्किट हाउस में वन अधिकार दावों एवं स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने वन, राजस्व और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को निर्देशित किया कि लंबित एवं नवीन वन अधिकार दावों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ प्रदान किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, टंट्या मामा स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना तथा संत रविदास स्वरोजगार योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने बैंक एवं संबंधित विभागों को लंबित ऋण प्रकरणों का शीघ्र अनुमोदन कर हितग्राहियों को राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि वे स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकें।
आगामी ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए नल-जल योजनाओं की स्थिति पर भी विशेष समीक्षा की गई। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी ग्रामों में एकल नल-जल योजनाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने, बंद योजनाओं को तत्काल चालू कराने तथा निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खराब हैंडपंपों की शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित