मुंबई , जनवरी 27 -- मुंबई के बोरीवली ईस्ट इलाके में स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के अंदर अतिक्रमण हटाने से जुड़े जागरूकता अभियान के दौरान वन विभाग के अधिकारियों पर कथित तौर पर भीड़ के हमला करने और सरकारी गाड़ी को नुकसान पहुंचाने के मामले में मंगलवार को मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, वन अधिकारी उच्च न्यायालय के आदेश के बाद प्रस्तावित अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के बारे में लोगों को बताने के लिए सोमवार को शांतिपूर्ण जागरूकता अभियान चला रहे थे।

प्राथमिकी के अनुसार, शिकायत करने वाले 51 वर्षीय मंगेश शिंदे संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में तैनात वन सुरक्षाकर्मी हैं और मागाठाणे राउंड बीट से जुड़े हैं। वन विभाग सुरक्षित वन क्षेत्र से गैर-कानूनी अतिक्रमण हटाने का निर्देश मिलने के बाद जागरूकता अभियान चला रहा था। दोपहर करीब 3.15 बजे, नवापाड़ा में अभियान के दूसरे सत्र में तब तनाव बढ़ गया, जब अधिकारी उच्च न्यायालय के निर्देशों के बारे में बता रहे थे। वहां बड़ी भीड़ जमा हो गयी और कथित तौर पर बेदखली के विरोध में नारे लगाते हुए आक्रामक हो गयी।

प्राथमिकी में कहा गया है कि कई पहचाने गये लोगों ने 10 से 12 अन्य लोगों के साथ कथित तौर पर वन अधिकारियों पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे इंसानी जान को गंभीर खतरा पैदा हो गया था। आक्रामणकारी महिला-पुरुषों की संख्या करीब 25-30 रही होगी। अधिकारियों ने जैसे ही अपनी सरकारी गाड़ी से इलाके से निकलने की कोशिश की, भीड़ ने कथित तौर पर उनका पीछा किया और पत्थर फेंककर गाड़ी की खिड़कियों को नुकसान पहुंचाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित