पौड़ी , मई, 27 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिले में बढ़ती वनाग्नि की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को सिविल सोयम वन प्रभाग की सतपुली रेंज अंतर्गत कल्जीखाल क्षेत्र में जंगल में आग लगाने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ग्राम फल्दा निवासी पवन कुमार और महेन्द्र सिंह के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों की गतिविधियों के चलते वन क्षेत्र में आग फैली, जिसके बाद विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) सिविल सोयम पवन नेगी ने कहा कि जंगलों को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी वनाग्नि की घटना दिखाई दे तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें और जंगलों को सुरक्षित रखने में सक्रिय सहयोग करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित