भिवानी , अक्टूबर 25 -- वनवासी कल्याण आश्रम, हरियाणा की प्रांत स्तरीय आमसभा भिवानी स्थित एकलव्य छात्रावास के सभागार में आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के करीब 15 जिलों से आए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई।

सभा में हिसार, रोहतक, जींद, कैथल, फरीदाबाद, मानेसर, पानीपत, करनाल, चीका, गुरुग्राम, रेवाड़ी, सिरसा और भिवानी सहित विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने अपने कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। वक्ताओं ने विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं तथा स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों के योगदान से परिचित कराने के प्रयासों की समीक्षा की।

बैठक में कहा गया कि विद्यार्थियों तक जनजातीय वीरों की गौरव गाथा पहुंचाना और समाज में उनके योगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। इसके साथ ही जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित