चंडीगढ़ , फरवरी 25 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बुधवार को राज्य को दिवालियेपन की ओर धकेलने और 2027 की शुरुआत में बनने वाली अगली सरकार के लिए भारी वित्तीय बोझ पैदा करने के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को चेतावनी दी।

राजा वडिंग ने राज्य सरकार के उन प्रस्तावित सुझावों पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिनमें बिना किसी विश्वसनीय स्रोत के भारी वित्तीय निहितार्थ हैं, आगाह किया कि आप सरकार, जो जानती है कि यह उसके कार्यकाल का आखिरी साल है और उसके वापस आने की कोई संभावना नहीं है, पंजाब को आगामी सरकार के लिए एक वित्तीय संकट में छोड़ रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 'आप' अपने पुराने फॉर्मूले को दोहराने की कोशिश कर रही है, जिसमें बिना किसी मंशा के वादे किये जाते हैं। उन्होंने उदाहरण दिया कि जिस तरह सरकार ने राज्य की हर महिला को 1000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन आज तक नहीं निभाया, अब वह भारी वित्तीय देनदारियों वाली ऐसी ही अन्य योजनाएं प्रस्तावित कर रही है।

राजा वड़िंग ने कहा कि राज्य के पास लंबित ऋणों का ब्याज चुकाने के लिए भी पर्याप्त पैसा नहीं है, ऐसे में सरकार अपनी नयी योजनाओं के लिए पैसा कहां से लाएगी? उन्होंने स्पष्ट किया कि ये योजनाएं पूरी तरह से आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बनायी गयी हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि वह ऐसी किसी भी योजना की घोषणा करने से पहले धन के स्रोत का खुलासा करे। उन्होंने चेतावनी दी, "राज्य का कर्ज पहले ही चार लाख करोड़ रुपये को पार कर चुका है और हम नहीं चाहते कि राज्य और अधिक कर्ज में डूबे, हम ऐसा होने नहीं देंगे।"राजा वड़िंग ने तंज कसते हुए कहा कि आप को अब खोने के लिए कुछ नहीं बचा है, क्योंकि उसे अपनी नियति का एहसास हो गया है कि उसकी सत्ता में वापसी की कोई संभावना नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित