चंडीगढ़ , जून 19 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने चंडीगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा द्वारा पंजाबियों के खिलाफ की गयी कथित अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रम में पंजाबियों को 'इमोशनल ब्लडी फूल्स' कहकर संबोधित करना पूरे पंजाबी समुदाय का अपमान है।
राजा वड़िंग ने कहा कि श्री मल्होत्रा की टिप्पणी ने भारतीय जनता पार्टी की पंजाब और पंजाबियों के प्रति वास्तविक सोच को उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि हो सकता है मल्होत्रा ने अनजाने में भाजपा की उस मानसिकता को सामने ला दिया हो, जो पंजाब और पंजाबियों के प्रति विरोध और नफरत से भरी हुई है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने पंजाब भाजपा नेताओं, विशेषकर प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों से सवाल किया कि क्या वे भी मल्होत्रा की टिप्पणी से सहमत हैं। उन्होंने कहा कि मल्होत्रा की टिप्पणी में पंजाब भाजपा के नेता भी शामिल हैं, फिर भी उनकी चुप्पी समझ से परे है।
राजा वड़िंग ने कहा कि कई दिन बीत जाने के बावजूद पंजाब भाजपा नेतृत्व की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है, जिससे यह संदेह और गहरा हो जाता है कि वे इस बयान का समर्थन कर रहे हैं।
इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पंजाब के विभिन्न जिलों में भाजपा नेता के खिलाफ प्रदर्शन किये। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालयों पर विरोध मार्च निकालते हुए भाजपा और उसके चंडीगढ़ अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जतिंदर पाल मल्होत्रा पंजाबियों से बिना शर्त माफी मांगें और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाये। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि मल्होत्रा की टिप्पणी भाजपा नेताओं के मन में पंजाबियों के प्रति मौजूद कथित नफरत को दर्शाती है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाबियों ने देश की आजादी, सुरक्षा, कृषि और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और किसी भी समुदाय के खिलाफ इस प्रकार की भाषा का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जा सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित