शेखपुरा , जुलाई 15 -- बिहार के शेखपुरा नगर परिषद क्षेत्र में बुधवार की शाम वज्रपात की चपेट में आने से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान काशीपुरम मोहल्ला निवासी अर्जुन यादव (80) के रूप में की गई है। वह मूल रूप से गिरिहिंडा के निवासी थे और काशीपुरम में परिवार के साथ रह रहे थे। बुधवार की शाम वह अपनी भैंस को चराकर बघार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान वज्रपात की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से झुलस गए। उनकी भैंस की भी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय लोगों ने उन्हें बघार में अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तत्काल सदर अस्पताल शेखपुरा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के अस्पताल लिए भेज दिया। इस संबंध में नगर थाना में अप्राकृतिक मृत्यु(यूडी) का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित