हरदोई , फरवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गुरुवार दोपहर देश की प्रतिष्ठित ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर लगने की घटना सामने आई है। वाराणसी से मेरठ जा रही ट्रेन संख्या 22489 के सी-4 कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री को चोट नहीं आई, हालांकि कुछ देर के लिए कोच में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना हरदोई और कौढ़ा रेलवे स्टेशन के बीच कोतवाली देहात क्षेत्र में बलोखर रेलवे फाटक के पास करीब 3:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार कोच सी-4 में सीट नंबर 60-61 के पास अचानक पत्थर आकर टकराया, जिससे शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मुरादाबाद कंट्रोल से आरपीएफ को दी गई, जिसके बाद आरपीएफ ने रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत मुकदमा संख्या 55/2026 दर्ज कर लिया है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ सिटी अंकित मिश्रा के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बलोखर फाटक के पास कंजर बस्ती के 8 से 13 वर्ष आयु के कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान पत्थर उछलकर ट्रेन से टकरा गया, जिससे यह घटना हुई। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित