बारां , मई 25 -- गंगा दशमी के अवसर पर सोमवार को शहर के मनिहारा तालाब पर जिला स्तरीय समारोह के साथ 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' का शुभारंभ हुआ।

जिला प्रभारी सचिव हरिमोहन मीणा ने सोमवार को कहा कि यह अभियान पांच जून विश्व पर्यावरण दिवस तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जल संग्रहण एवं संरक्षण को जन-जागरूकता के माध्यम से जन आंदोलन बनाना है। इसके तहत जल स्रोतों की साफ-सफाई, परंपरागत जल संरचनाओं का पुनरुद्धार, नवीन जल संरक्षण कार्यों की शुरुआत, पौधरोपण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम से पूर्व श्रीराम स्टेडियम से प्रभात फेरी निकाली गयी, जिसमें अधिकारियों, छात्र-छात्राओं एवं आमजन ने भाग लिया। प्रभात फेरी के दौरान 'जल है तो कल है' जैसे नारों के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया गया। मनिहारा तालाब पर कलश यात्रा, सरोवर पूजन एवं महाआरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

श्री मीणा ने कहा कि जल केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है और इसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जल स्रोतों की रक्षा, भूजल स्तर बढ़ाने एवं वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित