जयपुर , मार्च 13 -- सैनिकों के सम्मान एवं राष्ट्रीय श्रद्धांजलि दौड़ के रुप में आयोजित वंडर सीमेंट जयपुर सोल्जराथॉन-2026 का पहला आयोजन 15 मार्च को जयपुर में गांडीव स्टेडियम में होगा।

रक्षा सूत्रों के अनुसार इस आयोजन में धावक, फिटनेस प्रेमी और आम नागरिक भारत की सशस्त्र सेनाओं के साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि देने के लिए एकत्र होंगे। एक राष्ट्रीय श्रद्धांजलि दौड़ के रूप में परिकल्पित सोल्जराथॉन का उद्देश्य सैनिकों का सम्मान करना और लोगों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। जयपुर में अपने पहले आयोजन के साथ यह कार्यक्रम विभिन्न आयु वर्ग के धावकों, फिटनेस समुदायों, कॉरपोरेट्स और युवा स्वयंसेवकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी का साक्षी बनने की उम्मीद है।

इस कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे, जिनमें मिजोरम के राज्यपाल वी. के. सिंह, आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, सेना के साउथ वेस्टर्न आर्मी कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत और वंडर सीमेंट के चेयरमैन अशोक पाटनी शामिल हैं। प्रतिभागी कई दौड़ श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिनमें हाफ मैराथन, 10 किमी, पांच किमी और तीन किमी दौड़ शामिल हैं।

यह दौड़ जयपुर मिलिट्री स्टेशन के भीतर आयोजित की जाएगी जहां प्रतिभागियों को सैन्य परिसर के भीतर दौड़ने और भारतीय सशस्त्र सेनाओं के गर्व और अनुशासन को दर्शाने वाले सुंदर, सुव्यवस्थित वातावरण को देखने का दुर्लभ अवसर मिलेगा।

इस आयोजन को स्पॉन्सर के रूप में वंडर सीमेंट का समर्थन प्राप्त है, और कई सामुदायिक साझेदार और ब्रांड भी इसमें सहयोग कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित