बागेश्वर , नवम्बर 02 -- उत्तराखंड के बागेश्वर जिले की बैजनाथ पुलिस ने नरग्वाड़ी गांव में लोहे की रॉड से बुजुर्ग दंपति की कथित हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की खून से सनी रॉड भी बरामद कर ली गई है।
बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेन्द्र कुमार मेहरा ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रविवार रात को करीब 8:30 बजे डायल 112 पर एक ग्रामीण निखिल खोलिया ने सूचना दी कि गांव में पूरन चंद्र खोलिया के घर झगड़ा हो रहा है।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि गोविंद बल्लभ खोलिया ने अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया (70) और चाची भगवती देवी (62) के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। दोनों को बैजनाथ अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी को मौके पर भेजा और फॉरेंसिक टीम अल्मोड़ा व फॉरेंसिक यूनिट बागेश्वर को घटनास्थल की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि क्षेत्राधिकारी की देखरेख में रात में ही कोतवाली बैजनाथ के अलावा कौसानी, कपकोट, झिरौली के थानाध्यक्षों और एसओजी प्रभारी के नेतृत्व में टीमें गठित की गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित