पटना , अक्टूबर 12 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महान समाजवादी चिंतक एवं विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. लोहिया के विचार, सिद्धांत और सामाजिक न्याय के प्रति उनका आजीवन संघर्ष आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

श्री कुमार ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया ने अपना पूरा जीवन सामाजिक विषमता, अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष करते हुए समानता, सामाजिक न्याय और जनकल्याण पर आधारित समाज की स्थापना के लिए समर्पित कर दिया। उनकी समाजवादी विचारधारा ने राजनीति को वंचित, उपेक्षित और कमजोर वर्गों के अधिकारों से जोड़ने का काम किया। वह ऐसी व्यवस्था के पक्षधर थे, जिसमें सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को दूर कर प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक जीवन जीने के समान अवसर मिलें।

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. लोहिया के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और एक न्यायपूर्ण, समतामूलक एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। उनके सिद्धांत यह प्रेरणा देते हैं कि लोकतंत्र की सार्थकता तभी है, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए और उसे सामाजिक सम्मान, समान अवसर तथा अपने अधिकारों के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिले।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित