मुंगेली , जून 17 -- छत्तीसगढ़ के मुंगेली वनमंडल के लोरमी वन परिक्षेत्र में कथित तौर पर दो तेंदुओं के बीच हुए भीषण संघर्ष में एक तेंदुए की मौत हो गई, जबकि दूसरे तेंदुए के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वन विभाग से बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार लोरमी वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 1529 पीएफ के सामान्य वनक्षेत्र में मंगलवार शाम लगभग सात बजे कंचनपुर बैरियर के चौकीदार ने एक तेंदुए का शव देखा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रातभर शव की सुरक्षा तथा निगरानी की व्यवस्था की गई।

बताया गया है कि संघर्ष में घायल हुआ दूसरा तेंदुआ जंगल की ओर चला गया। वन अमले ने देर रात तक उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार कंचनपुर क्षेत्र में दो तेंदुओं के बीच लड़ाई जैसी तेज आवाजें सुनाई दी थीं। ग्रामीणों ने आशंका व्यक्त की है कि क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष में एक नर तेंदुए की मौत हो गयी। हालांकि वन विभाग ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

उपवनमंडलाधिकारी दशांश सूर्यवंशी ने बताया, "ग्रामीणों दो तेंदुए की भीषण लड़ाई की आवाज सुने है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।"वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार मृत तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम कानन पेंडारी में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। विभाग ने आसपास के वन क्षेत्र में निगरानी भी बढ़ा दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित