मुंगेली , सितंबर 17 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पेंशनधारियों के पैर पखारकर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान दो हजार से अधिक वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया।

गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर स्थानीय मानस मंच में 'स्नेह, सेवा एवं सम्मान समारोह' आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ और हवन-यज्ञ कर प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

श्री साव ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके जीवन का अनुभव तथा ज्ञान समाज की बड़ी पूंजी है। बुजुर्गों का सम्मान भारतीय संस्कृति का संस्कार है और उनके अनुभव से नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलती है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत लोरमी नगर पालिका क्षेत्र में 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। आयोजकों के अनुसार नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों, अटल परिसरों, चौक-चौराहों, मंदिरों और गुरुद्वारों में करीब सवा लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित