बाराबंकी , अगस्त 3 -- उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रामनगर स्थित प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर और हैदरगढ़ के अवश्नेश्वर महादेव मंदिर में प्रातः से ही शिव भक्तों का तांता लगा रहा। सुबह लगभग ढाई बजे मंदिरों के कपाट खुलते ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। मंदिर परिसर और आसपास हर-हर महादेव व बोल बम के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये थे।

पुलिस बल के साथ बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा गया। मंदिर समितियों और स्वयंसेवकों ने भी दर्शन व्यवस्था में सहयोग किया। दिनभर दोनों शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और हर हर महादेव बम बम भोले के नारे गूंजते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित