भिण्ड , जून 04 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के रौन थाना क्षेत्र में धुसका सरकार हनुमान मंदिर के पास श्रद्धालुओं से भरे एक लोडिंग वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मृत्यु हो गई, जबकि पांच वर्षीय एक बालक घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मानगढ़ स्थित धुसका सरकार हनुमान मंदिर में आयोजित भंडारे में शामिल होने के लिए इंदुर्खी गांव के 20 से 25 श्रद्धालु एक लोडिंग वाहन से पहुंचे थे। मंदिर के प्रवेश द्वार के पास श्रद्धालुओं के उतरने के दौरान वाहन ढलान पर अचानक पीछे की ओर खिसकने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान 36 वर्षीय सरोज बाथम वाहन के डाले में उलझ गईं और पीछे सरकते वाहन के मार्ग में पड़ी लकड़ी उनकी गर्दन में घुस गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं पांच वर्षीय कार्तिक वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने सरोज बाथम को मृत घोषित कर दिया। घायल बालक का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में वाहन को सुरक्षित तरीके से खड़ा नहीं किए जाने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित