ग्रेटर नोएडा , अगस्त 05 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा सूरजपुर थाना पुलिस ने फर्जी अधिवक्ता बनकर लोगों से धन उगाही करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी उन्होंने बताया कि गत सोमवार को स्थानीय खुफिया और बीट पुलिसिंग की सहायता से सूरजपुर थाना पुलिस ने सूरजपुर जिला न्यायालय के गेट नंबर-दो के पास से आरोपी वीर सिंह सिसौदिया (40) पुत्र ओमवीर सिंह, निवासी ग्राम ऊँचा अमीपुर, थाना जारचा को गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ में जानकारी मिली कि वह स्वयं को सूरजपुर जिला न्यायालय का अधिवक्ता बताकर आम लोगों का विश्वास जीतता था। इसके बाद जमानत दिलाने और न्यायालय में मुकदमे लड़ने का झांसा देकर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार करता था। आरोपी नकली अधिवक्ता और नोटरी की मोहरों का इस्तेमाल कर दस्तावेजों को प्रमाणित दिखाता और इसके बदले लोगों से मोटी रकम वसूलता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कोर्ट संबंधी पांच फाइल एवं प्रपत्र, तीन फर्जी अधिवक्ता/नोटरी मोहरें तथा अन्य कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस फर्जीवाड़े में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2017 में जारचा थाना में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 435 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं वर्ष 2026 में सूरजपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत भी एक अन्य मुकदमा पंजीकृत है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित