तिरुवनंतपुरम , जुलाई 26 -- केरल पुलिस की आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन 'पोल-ऐप' को पूरे राज्य के उपयोगकर्ताओं से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। यह ऐप ऑनलाइन 30 से अधिक पुलिस सेवाओं तक लोगों को पहुंच प्रदान करता है।
जून 2020 में शुरू किये गये इस ऐप को पुलिस सेवाओं को जनता के लिए सुलभ बनाने और यह सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया था कि कम से कम समय में ऑनलाइन विभिन्न सेवाएं उन्हें उपलब्ध करायी जा सके।
यह एप्लिकेशन केरल के सभी पुलिस स्टेशनों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के आधिकारिक फोन नंबर और ईमेल पते प्रदान करता है। यह उपयोगकर्ताओं को पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट और प्राथमिकी रिपोर्ट डाउनलोड करने, लाउडस्पीकर के उपयोग की अनुमति के लिए आवेदन जमा करने और सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जनरल डायरी (जीडी) की प्रतियां प्राप्त करने की भी सुविधा देता है।
यह ऐप सीधे ट्रेजरी में विभिन्न पुलिस सेवाओं के शुल्क के भुगतान की सुविधा ,वरिष्ठ नागरिकों के लिए जनमैत्री सेवाएं तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्रदान करता है।
इसकी प्रमुख विशेषताओं में से एक 'ट्रैक माई ट्रिप' सुविधा है, जिसे अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। यह एप्लिकेशन ट्रेन यात्रियों और रक्तदाताओं के लिए उपयोगी जानकारी, इंटरनेट सुरक्षा सुझाव, एक पर्यटक गाइड और कई अन्य सेवाएं भी प्रदान करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित