मोहाली , मई 02 -- वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार द्वारा वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की कीमतों में की गयी भारी बढ़ोतरी को छोटे व्यापारियों और आम लोगों के खिलाफ सुनियोजित साजिश करार दिया है, जिन्हें देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। श्री सिद्धू ने शनिवार को यहां जारी एक बयान में कहा कि एक ही दिन में गैस सिलेंडर के दामों में इतनी बड़ी वृद्धि यह साबित करती है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार को न तो छोटे कारोबारियों की चिंता है और न ही आम घरों की रसोई की। जो लोग पहले ही महंगाई, बेरोजगारी और करों के बोझ से दबे हुए हैं, अब उन पर गैस कीमतों की मार और डाली जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह फैसला चाय बेचने वालों, ढाबा संचालकों, होटल कारोबारियों, बेकरी मालिकों, हलवाई समुदाय और छोटे खाद्य कारोबार से जुड़े हजारों परिवारों पर सीधा आर्थिक प्रहार है। इस बढ़ोतरी का असर केवल व्यापारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर घर की थाली, बच्चों के खर्च और घरेलू बजट पर भी पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित