जयपुर , सितम्बर 30 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को कहा कि राजस्थान की लोक संस्कृति केवल मनोरंजन का माध्यम ही नहीं है, बल्कि यह हमारी सामाजिक स्मृति, जीवन-मूल्यों और सांस्कृतिक पहचान की जीवंत अभिव्यक्ति है और लोकगीत और लोकसंगीत हमारे समाज का मौखिक अभिलेख हैं, जिनमें पीढ़ियों के अनुभव, संवेदनाएं और जीवन दर्शन सुरक्षित हैं।
श्री देवनानी आज यहां स्वर सरिता के भावांजलि विशेषांक का लोकार्पण करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और वैश्विक संस्कृति के इस दौर में अपनी लोक परंपराओं और जड़ों से जुड़ना और भी महत्वपूर्ण हो गया है। भारत की सांस्कृतिक परंपरा में संगीत और साहित्य का स्थान अत्यंत व्यापक रहा है। वेदों के सामगान से लेकर लोक परंपराओं तक संगीत भारतीय जीवन में साधना, संवेदना और समाज-जागरण का माध्यम रहा है। राजस्थान ने इस परंपरा को अपनी विशिष्ट लोक भाषाओं, धुनों और गायन शैलियों के माध्यम से समृद्ध किया है।
उन्होंने कहा कि वीणा म्युजिक के संस्थापक के.सी. मालू ने राजस्थानी अस्मिता और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करने का कार्य किया। जब लोक भाषाओं, लोक गीतों और पारंपरिक संगीत के सामने बदलते समय की अनेक चुनौतियां थी, तब राजस्थान की लोक धुनों, लोक कलाकारों और सांस्कृतिक विरासत को व्यापक समाज तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान दुर्ग और महलों के साथ मांड की मिठास, घूमर की लय, कठपुतली की कथा, ढोला मारु की लोक स्मृति, संतों की वाणी, लोक देवताओं की गाथाओं और मीरा की भक्ति से भी होती है। मरुधरा का लोक जीवन संगीत, काव्य और जीवन संघर्ष की अनेक कथाएं समेटे हुए है। खेत में श्रम करता किसान, विवाह के मंगल अवसर पर गीत गाती महिलाएं सहित यहां की परंपराएं राजस्थान के जीवन की सहज अभिव्यक्ति हैं।
श्री देवनानी ने युवाओं का आहवान करते हुए कहा कि आधुनिकता और नई तकनीक को अपनाते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों को पहचानना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अपनी संस्कृति का बोध व्यक्ति की दृष्टि को संकुचित नहीं करता, बल्कि उसे अपनी विशिष्ट पहचान के साथ दुनिया के सामने खड़े होने का आत्मविश्वास देता है। डिजिटल युग ने लोककला और लोकसंगीत को व्यापक मंच उपलब्ध कराने की नयी संभावनाएं भी पैदा की है। उन्होंने स्वर सरिता परिवार को भावांजलि विशेषांक के प्रकाशन के लिए बधाई देते हुए कहा कि स्मृति को शब्द और दस्तावेज का रूप देना अपने आप में महत्वपूर्ण सांस्कृतिक कार्य है। किसी व्यक्ति के जीवन और योगदान से जुड़ी स्मृतियां जब प्रकाशित होती हैं तो वे निजी अनुभव की सीमा से आगे बढ़कर समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए संदर्भ सामग्री बन जाती हैं।
श्री देवनानी ने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक यात्रा अत्यंत दीर्घ और व्यापक है। इस यात्रा में अनेक व्यक्तियों ने अपने-अपने स्तर पर योगदान दिया है, लेकिन कुछ व्यक्तित्व ऐसे होते हैं जो किसी महत्वपूर्ण मोड़ पर उस यात्रा को नयी गति प्रदान करते हैं।
समारोह को राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष औंकार सिंह लखावत, विधायक गोपाल शर्मा, पूर्व मंत्री बी डी कल्ला तथा श्री हेमजीत मालू, श्री प्रसनजीत मालू सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री शांति धारीवाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित