लखनऊ , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 'लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026' का लोकसभा में पारित होना देश के करोड़ों युवाओं के सपनों, परिश्रम और प्रतिभा की सशक्त सुरक्षा का ऐतिहासिक निर्णय है।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय देश की परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष तथा विश्वसनीय बनाएगा। उन्होंने कहा कि इस विधेयक के माध्यम से पेपर लीक और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होगी, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को मजबूती मिलेगी।

योगी ने कहा कि सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और यह विधेयक ईमानदारी से तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के अधिकारों तथा उनके भविष्य की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मुख्यमंत्री ने युवाओं के विश्वास को और अधिक सशक्त बनाने वाले इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक अभिनंदन किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित