रायपुर , अगस्त 18 -- छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026 के तहत प्रदेश के लोक कलाकारों से 31 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना में चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12 हजार से 24 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय के अनुसार योजना का उद्देश्य प्रदेश की पारंपरिक लोक कला और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन करने के साथ कलाकारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।
योजना के तहत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीत लेखन, वाद्ययंत्र वादन, शिल्प कला, छत्तीसगढ़ी पाक कला (पारंपरिक व्यंजन) और छत्तीसगढ़ी सौंदर्यकला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन निर्धारित प्रारूप में पंजीकृत डाक के माध्यम से संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय को भेजना होगा। आवेदन प्रपत्र विभाग की वेबसाइट और नया रायपुर स्थित संचालनालय कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
योजना का लाभ लेने के लिए कलाकार का चिन्हारी पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य है। चयनित कलाकारों को एक वित्तीय वर्ष में एक बार न्यूनतम 12 हजार और अधिकतम 24 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि ई-पेमेंट के माध्यम से दी जाएगी।
योजना के लिए ऐसे कलाकार पात्र होंगे, जिनकी सभी स्रोतों से वार्षिक आय 96 हजार रुपये से अधिक नहीं है। आवेदकों को सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र के साथ बैंक खाते का विवरण, आईएफएससी कोड और पैन कार्ड की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी।
आवेदन संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल, व्यावसायिक परिसर, द्वितीय तल, सेक्टर-27, नया रायपुर, अटल नगर-492018 के पते पर भेजे जा सकते हैं। आवेदन वाले लिफाफे पर 'मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026' स्पष्ट रूप से अंकित करना होगा।
विभाग के मुताबिक आवेदन प्राप्त होने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। प्राप्त प्रविष्टियों का परीक्षण समिति द्वारा किया जाएगा और समिति का निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित