बिलासपुर , अगस्त 14 -- छत्तीसगढ़ के दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के चांपा-बिलासपुर रेल खंड में मालगाड़ी के लोकोमोटिव में तकनीकी खराबी आने से गुरुवार रात अप लाइन पर रेल यातायात प्रभावित रहा। नवागढ़ और अकलतरा स्टेशनों के बीच मालगाड़ी के खड़े हो जाने के कारण चांपा से बिलासपुर की ओर आने वाली आधा दर्जन से अधिक यात्री ट्रेनों को अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा।

इस बीच रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए बिलासपुर स्टेशन पर बाइक रेंटल सेवा शुरू की है और दो जोड़ी ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।

रेलवे से आज मिली जानकारी के अनुसार कल रात 20:15 बजे नवागढ़-अकलतरा के बीच मालगाड़ी के लोकोमोटिव में तकनीकी खराबी (स्टॉलिंग) आने और ट्रेन के बीच रास्ते में खड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद 20:30 बजे अकलतरा से रिलीफ के लिए सहायक इंजन की मांग की गई। यार्ड में सहायक इंजन तैयार कर उसे मौके के लिए रवाना किया गया।

मालगाड़ी के लोको स्टॉल होने से अप दिशा में चांपा से बिलासपुर की ओर आने वाली ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ। 13288 साउथ बिहार एक्सप्रेस चांपा-अकलतरा खंड में करीब एक से डेढ़ घंटा तक खड़ी रही। वहीं 18239 शिवनाथ एक्सप्रेस अकलतरा-जांजगीर नैला के पास रोकनी पड़ी, जिससे यह एक घंटे से अधिक विलंबित हुई। दोनों ट्रेनें पहले से ही देरी से चल रही थीं, लिहाजा इनके बिलासपुर पहुंचने में निर्धारित समय से कई घंटे की देरी हुई।

यात्रियों को स्टेशन से शहर में आवागमन का एक और विकल्प उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में बाइक रेंटल सेवा शुरू की गई है। कोच रेस्टोरेंट के पास शुरू हुई यह सुविधा 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेगी। यात्री 100 रुपये में चार घंटे के लिए बाइक किराए पर ले सकेंगे। इसके लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।

रेलवे के अनुसार यह दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की पहली बाइक रेंटल सेवा है। इससे पर्यटकों, विद्यार्थियों और व्यावसायिक यात्रियों सहित अन्य यात्रियों को स्टेशन से शहर के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त परिवहन विकल्प मिलेगा।

बाइक रेंटल सेवा का शुभारंभ प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए दो जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने की भी व्यवस्था की है। हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस में 18 अगस्त और दुर्ग-हटिया एक्सप्रेस में 19 अगस्त को एक-एक अतिरिक्त स्लीपर कोच लगाया जाएगा।

इसी तरह शालीमार-एलटीटी एक्सप्रेस में 15 से 21 अगस्त और एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस में 17 से 23 अगस्त तक एक-एक अतिरिक्त एसी-3 कोच लगाया जाएगा। अतिरिक्त कोच की उपलब्धता से इन ट्रेनों में बर्थ क्षमता बढ़ेगी और प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को कन्फर्म बर्थ मिलने की संभावना बढ़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित