खरगोन , दिसम्बर 06 -- मध्यप्रदेश की लोकायुक्त पुलिस इंदौर के दल ने खरगोन जिले के महेश्वर तहसील क्षेत्र में कृषि भूमि के नामांतरण किए जाने के एवज में रिश्वत लेते एक पटवारी को पकड़ा है।

लोकायुक्त पुलिस के एसपी राजेश सहाय ने बताया कि महेश्वर तहसील के पटवारी छतर सिंह चौहान को कल शाम 25 हजार रुपए की रिश्वत राशि की पहली किश्त लेते हुए पकड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि महेश्वर तहसील के ग्राम खारिया निवासी बच्चू चौहान ने शिकायत की थी कि उसके व उसके भाई द्वारा क्रय कृषि भूमि के नामांतरण किए जाने के एवज में पटवारी छतर सिंह चौहान एक लाख रुपए की मांग कर रहा है। वह सौदे बाजी करने पर 50 हजार रु में नामांतरण करवा देने के लिए राजी हो गया था।

उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित