टीकमगढ़ , मई 12 -- मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस की सागर संभाग टीम ने टीकमगढ़ में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के एक कर्मचारी को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
आरोपी की पहचान नितिन मिश्रा, पिता राजेंद्र कुमार मिश्रा, उम्र 41 वर्ष, अतिरिक्त प्रभार स्थापना शाखा, मूल पद लैब टेक्नीशियन, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टीकमगढ़ के रूप में हुई है।
शिकायतकर्ता देवेंद्र वाल्मीकि निवासी नगर परिषद कारी जिला टीकमगढ़ ने लोकायुक्त कार्यालय सागर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता हरिकिशन वाल्मीकि जनवरी 2026 में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टीकमगढ़ से स्वीपर पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके तीन समयमान वेतनमान के एरियर तथा अर्जित अवकाश नगदीकरण की राशि का भुगतान लंबित था।
आरोप है कि उक्त भुगतान कराने के एवज में आरोपी कर्मचारी द्वारा दो लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान सात मई को आरोपी ने प्रथम किश्त के रूप में 50 हजार रुपए ले लिए थे।
सत्यापन उपरांत आज लोकायुक्त टीम ने शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय टीकमगढ़ के लेखा शाखा कक्ष में कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन मिश्रा को दूसरी किश्त के रूप में एक लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई निरीक्षक कमल सिंह उईके, निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं लोकायुक्त सागर संभाग की टीम द्वारा की गई। मामले में अग्रिम कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित