बेंगलुरु , जून 17 -- कर्नाटक में एक बड़े राज्यव्यापी भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में, लोकायुक्त पुलिस ने राज्य में समन्वित छापे मारे, जिसमें आठ सरकारी अधिकारियों की 31.11 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है।
यह अभियान बेंगलुरु शहर, बेंगलुरु ग्रामीण, दावणगेरे, कलबुर्गी और चिकमगलूर सहित कई जिलों में चलाया गया। करीब 35 से अधिक स्थानों पर एक साथ की गयी तलाशियों में आरोपी अधिकारियों के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों से जुड़े आवासीय परिसरों, कार्यालयों और संपत्तियों को शामिल किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, सामने आई कुल संपत्ति में 22.73 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 8.38 करोड़ रुपये की चल संपत्ति शामिल है। यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति से संबंधित भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामलों में की गयी है।
कर्नाटक आवास बोर्ड, बेंगलुरु में नगर नियोजन के अपर निदेशक, एसएल राजन्ना के पास 4.97 करोड़ रुपये की संपत्ति पायी गयी। उनसे जुड़े पांच स्थानों पर की गई तलाशी में कथित तौर पर तीन आवासीय स्थल, दो घर, तीन एकड़ कृषि भूमि और लगभग 70 लाख रुपये के आभूषण मिले।
कलबुर्गी में, लोक निर्माण विभाग में अधीक्षक अभियंता, माणिक एस कनकट्टे के पास 4.68 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली, जिसमें कई आवास, एक व्यावसायिक परिसर और लगभग 50 लाख रुपये की बैंक बचत शामिल है।
एक अन्य बड़े मामले में, बेंगलुरु ग्रामीण में वनों के उप संरक्षक, पीएन हर्षवर्धन के पास 4.85 करोड़ रुपये की संपत्ति पायी गयी, जबकि चिकमंगलूर में सहायक वन संरक्षक, केएस मोहन के पास कथित तौर पर सात एकड़ कृषि भूमि सहित 3.62 करोड़ रुपये की संपत्ति थी।
दावणगेरे में, उत्तर-पश्चिम कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम में मुख्य यांत्रिक अभियंता, सिद्धेश्वर एन हेब्बाल के पास 3.76 करोड़ रुपये की संपत्ति पाई गई, जिसमें 37 लाख रुपये नकद और 1.23 करोड़ रुपये के आभूषण शामिल थे।
छापों में नामित अन्य अधिकारियों में बेंगलुरु बिजली आपूर्ति कंपनी में सहायक कार्यकारी अभियंता, एमबी उदय कुमार शामिल हैं, जिनके पास 3.54 करोड़ रुपये की संपत्ति है; कर्नाटक ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकास लिमिटेड, दावणगेरे में अधीक्षक अभियंता, सन्ना केंछप्पा, के पास 31 एकड़ कृषि भूमि सहित 2.97 करोड़ रुपये की संपत्ति है; और बयालुसीमे क्षेत्र विकास बोर्ड, दावणगेरे के सचिव, एलए कृष्णा नाइक,के पास कई स्थलों और घरों सहित 2.70 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित