नयी दिल्ली , मार्च 03 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकसभा की विशेषाधिकार समिति का पुनर्गठन कर वरिष्ठ सदस्य रवि शंकर प्रसाद को इसका अध्यक्ष नियुक्त किया है।

आधिकारिक सूचना के अनुसार समिति में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, शिव सेना तथा समाजवादी पार्टी सहित कई दलों के कुल 15 सदस्य नामित किये गये हैं। यह लोकसभा की स्थायी संसदीय समिति होती है जिनके सभी 15 सदस्यों को लोकसभा अध्यक्ष नामित करते हैं। समिति सदन और उसके सदस्यों के विशेषाधिकारों के उल्लंघन या अवमानना के मामलों की जांच करती है।

सूचना के अनुसार श्री प्रसाद की अध्यक्षता में पुनर्गठित इस समिति के अन्य सदस्यों में बृजमोहन अग्रवाल, तारिक अनवर, मनिकम टैगोर बी., टी.आर. बालू, कल्याण बनर्जी, श्रीरंग अप्पा चंदू बारणे, रामवीर सिंह बिधूड़ी, संगीता कुमारी सिंह देव, जगदंबिका पाल, त्रिवेन्द्र सिंह रावत, अरविन्द गणपत सावंत, जगदीश शेट्टर, मनीष तिवारी और धर्मेंद्र यादव शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित