नैनीताल , अप्रैल 28 -- लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला बुधवार को पर्यटक नगरी नैनीताल के दौरे पर आयेंगे और उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी (एटीआई) में वन पंचायत, पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लोकसभा अध्यक्ष दो दिन नैनीताल में ठहरेंगे और मां नैना देवी मंदिर और कैंची धाम में दर्शन-पूजन करेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष के कार्यक्रम को देखते हुए मंगलवार को सांसद अजय भट्ट और मुखय विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने एटीआई परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

श्री भट्ट ने कहा कि लोकतंत्र के मंदिर लोकसभा के सर्वोच्च नेता अध्यक्ष ओम बिरला पहली बार नैनीताल भ्रमण पर आ रहे हैं जो नैनीताल में वन पंचायत के सदस्यों और स्थानीय निकायों, पंचायत प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान स्थानीय प्रतिनिधि भी उनसे अपनी समस्याओं और सुझावों को साझा करेंगे।

श्री भट्ट ने कहा की लोकसभा अध्यक्ष देश में पहली बार इस तरह की चर्चा की शुरुआत देवभूमि नैनीताल से कर रहे हैं जो एक गर्व की बात है जो आने वाले समय में देश के अन्य राज्यों में भी इस तरह के कार्यक्रम होंगे।

इस दौरान अजय भट्ट ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष विश्व प्रसिद्ध बाबा नीम करोली महाराज के दर्शन को भी जाएंगे। इसी के साथ ही वह होटल एसोसिएशन, शहर के सभी राजनीतिक दलों के साथ भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जानेंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक राय, संयुक्त निदेशक शहरी विकास अवधेश कुमार, एटीआई के संयुक्त निदेशक महेश कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित