चंडीगढ़ , मई 30 -- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा है कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने समाज सेवा, जनकल्याण और सुशासन की ऐसी मिसाल पेश की, जो आज भी लोगों को प्रेरित करती है। उन्होंने समाज से शिक्षा, संगठन और सेवा के क्षेत्र में उनके आदर्शों का अनुसरण करने का आह्वान किया।
यमुनानगर के अर्जुन नगर स्थित पाल धर्मशाला में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए श्री राणा ने कहा कि अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और उनका जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर उन्होंने पाल धर्मशाला में पुस्तकालय स्थापित करने के लिए अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय से विद्यार्थियों और युवाओं को अध्ययन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में राजिंद्र धीमान, नर सिंह पाल, ज्ञानचंद पडवार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित