पटना , अक्टूबर 08 -- ाष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के पटना स्थित कैंप कार्यालय में गुरुवार को भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर श्री कुशवाहा ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि जयप्रकाश नारायण भारतीय लोकतंत्र, जनसरोकार और सामाजिक परिवर्तन के महान योद्धा थे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उनके विचार और संघर्ष आज भी देशवासियों को लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जनहित के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का जीवन त्याग, संघर्ष और जनसेवा का प्रतीक है। उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में निरंतर योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश, पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पंकज, सुभाष चंद्रवंशी, प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल, अंगद कुशवाहा, अशोक राम, चौधरी बसंत पटेल, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ई. श्रीमती स्मृति कुमुद, प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती, डॉ. वीरेन्द्र दांगी, पटना महानगर अध्यक्ष खुर्शीद अहमद, राघवेन्द्र कुशवाहा, अनिल यादव, पप्पू मेहता, विनोद कुमार पप्पू सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा परिवार ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आदर्शों और उनके संघर्षों को नमन करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित