इटावा , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ब्रजभूषण राजपूत ने कहा है कि वह जनता, गरीबों और किसानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि "अभी तलवारें उठाई नहीं हैं, तलवारें उठाने का इतिहास हमारा पुराना रहा है।" श्री राजपूत इटावा में अवंती बाई लोधी संगठन की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में सरकार और एक मंत्री का नाम लिए बिना इशारों में निशाना साधा और कहा कि जब उन्होंने जनता, गरीबों और किसानों की समस्याओं को उठाना शुरू किया तो कई लोगों को इससे परेशानी होने लगी।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनका राजनीतिक करियर समाप्त करने की बातें कर रहे हैं, लेकिन वह ऐसी बातों से विचलित होने वाले नहीं हैं। उन्होंने विरोधियों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा, "नदी के किनारों पर बैठकर समंदर को नापना छोड़ दो और अपनी मर्यादाओं में रहो। हमारा उद्देश्य जनता को न्याय दिलाना है और उसके लिए संघर्ष जारी रहेगा।"भाजपा विधायक ने कहा कि उनका इतिहास संघर्ष का रहा है, लेकिन वर्तमान में वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के दायरे में रहकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित रहे। विधायक के इस बयान को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित