अजमेर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में सीकर से पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद ने शनिवार को कहा कि लोकतंत्र भारत की राजनीतिक व्यवस्था का आधार है।

श्री सुमेधानंद आज यहां राजस्थान केन्द्रीय विश्वविद्यालय सभागार में 18वीं युवा संसद को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। यह संसदीय प्रतियोगिता भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से आयोजित हुई।

उन्होंने कहा कि संसदीय बहस और चर्चाएं युवाओं के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने संसदीय कार्यप्रणाली को समझने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विचार-विमर्श करने के प्रति विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों की गहरी रुचि की सराहना की। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक जागरूकता और संसदीय प्रक्रियाओं की समझ विकसित करना और उन्हें समसामयिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर सार्थक विचार-विमर्श के लिए एक मंच प्रदान करना था।

विश्वविद्यालय प्रशासन भी राष्ट्र निर्माण में संवाद, लोकतांत्रिक सहभागिता और विचारपूर्ण विमर्श के महत्व पर निरंतर प्रयासरत है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करने और भावी नेतृत्व को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता की मेजबानी करना विश्वविद्यालय के लिए युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करने और देश के भावी नेतृत्व को तैयार करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

प्रतियोगिता के तहत आयोजित प्रतीकात्मक संसदीय सत्र में कुल 55 विद्यार्थियों ने शिरकत की। प्रतिभागियों ने सरकार के मंत्रियों, विपक्षी सदस्यों, विदेशी प्रतिनिधि, प्रेस प्रतिनिधियों, अध्यक्ष, मार्शल और संसदीय कार्यालय के कर्मचारियों सहित विभिन्न संसदीय एवं संस्थागत भूमिकाओं का निर्वहन किया। स्थापित संसदीय परंपराओं के अनुरूप आयोजित इस सत्र में प्रश्नकाल, शून्यकाल और नियम 193 के तहत चर्चा हुई। इससे विद्यार्थियों को विधायी प्रक्रियाओं और संसदीय कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।

सत्र के दौरान शिक्षा सुधार, विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम (एफसीआरए), एच-1बी वीजा नीतियों, भारत की विदेश नीति, कृषि, राष्ट्रीय सुरक्षा, इथेनॉल से संबंधित मुद्दों, अरावली संकट और पंजाब में नशीले पदार्थों की समस्या सहित जनहित से जुड़े कई समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित