पटना , जून 02 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मंगलवार को कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होती है।
डॉ. कुमार ने बिहार विधान सभा सचिवालय के पदाधिकारियों के नेवा सेवा केंद्र में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम के अवसर पर कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही, पारदर्शिता और जनता के प्रति समर्पण पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा सदन की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, तकनीक-सक्षम एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
अध्यक्ष ने कहा कि विधान सभा केवल कानून बनाने का मंच नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं और समस्याओं के समाधान का सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थान है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से सदन की गरिमा बनाए रखते हुए सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा के माध्यम से बिहार के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित