पटना , अक्टूबर 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने संपूर्ण क्रांति के प्रणेता, भारत रत्न लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। श्री सरावगी ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण का जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतंत्र की रक्षा और जनहित के लिए संघर्ष का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बिहार की पावन धरती से संपूर्ण क्रांति का शंखनाद कर लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने देश में लोकतंत्र की रक्षा और जनजागरण की नई चेतना जगाई। उनका संघर्ष केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं था, बल्कि व्यवस्था में व्यापक बदलाव, सामाजिक न्याय, नैतिक राजनीति और आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में लोकनायक की भूमिका से लेकर आपातकाल के विरोध तक उनका संघर्ष भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने अपने विचारों और आंदोलनों के माध्यम से देशवासियों को अन्याय, भ्रष्टाचार और निरंकुशता के खिलाफ आवाज उठाने का साहस दिया। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रहित की भावना से ओतप्रोत रहा, जो आज भी युवाओं को प्रेरणा देता है।
श्री सरावगी ने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पित कर दिया। लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और जनहित के प्रति उनका आजीवन समर्पण आज भी देशवासियों को नई दिशा देता है।
उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करने की प्रेरणा देती है। उनके विचार और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित