सहारनपुर , अक्टूबर 28 -- कांग्रेस पर्यवेक्षक अमृतसर से सांसद गुरजीत सिंह औजला और सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने आज यहां पार्टी कार्यालय पर जिला और महानगर अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस की वोट चोर गद्दी छोड़, वोट बचाओं देश बचाओ रैली के लिए रणनीति तैयार की।
कांग्रेस पर्यवेक्षक गुरजीत सिंह औजला ने बैठक में कहा कि भाजपा वोट चोरी के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने में लगी है। कांग्रेस रैली के जरिए चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षकता और मताधिकार के मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाएगी।
इमरान मसूद ने कहा कि रैली को विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी एवं इंडिया गठबंधन के नेता संबोधित करेंगे। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने कहा कि विरोध करने वालों के खिलाफ पुलिस नजरबंदी की कार्रवाई करती है। जो पूरी तरह से अलोकतांत्रिक कार्रवाई है। सरकार से जवाब मांगना संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठाना है। उन्होंने पेपर लीक और छात्रों की दूसरी परेशानियों का जिक्र करते हुए सरकार से जवाब तलब किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित