जोधपुर , नवंबर 08 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने लोकतंत्र को बचाने के लिए सबको आगे आने की जरूरत बताते हुए कहा है कि अब यह सोचना पड़ेगा कि कौन सही हैं और कौन गलत।

श्री गहलोत रविवार को यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में पंचायत चुनाव को लेकर किए गए सवाल पर यह बात कही।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा परिसीमन को लेकर नगर निगम, नगरपालिका और नगर परिषद में जो बेईमानी की गई तथा फिर पुलिस का दुरुपयोग किया गया, उसका कोई काट नहीं है। वह लोकतंत्र की हत्या ही है। उन्होंने कहा कि असम में भी ऐसा ही हुआ, बाद में पश्चिम बंगाल में हुआ और राजस्थान में जिस प्रकार नगर निकाय चुनाव हुए, उसे सबने देखा। अब पंचायत राज में भी परिसीमन वैसे ही किया गया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के लिए यह परंपरा अच्छी नहीं है। प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को सोचना पड़ेगा कि अगर देश से इस जम्हूरियत और लोकतंत्र को बचाना है, तो सबको आगे आना होगा और विचार करना होगा कि कौन सही है और कौन गलत। यदि हम गलत हैं, तो हमें जवाब दें। अगर वे गलत हैं, तो उनके खिलाफ भी आवाज उठाएं, वरना आने वाली पीढ़ियां इसे भुगतेंगी।

उन्होंने कहा कि यदि वोटों का शासन और लोकतंत्र नहीं रहा जैसे वे संसद में चाहते हैं कि परिसीमन कर संसद और विधानसभा की सीटें बढ़ाकर 800 कर दी जाएं और साथ ही महिलाओं को आरक्षण दिया जाए तो हमें खुशी होगी, क्योंकि महिलाओं के आरक्षण का कानून बन चुका है और इसे लागू किया जाना चाहिए।, लेकिन जिस प्रकार वे परिसीमन करना चाहते हैं, वह बहुत खतरनाक कदम है। एक बार परिसीमन उनके हाथ में आ गया, तो जैसे असम में परिसीमन कर हमें साफ कर दिया गया, वैसे ही पूरा देश साफ हो जाएगा और फिर चीन, रूस तथा उत्तर कोरिया की तरह इनका स्थायी शासन होगा, जिसमें पक्ष भी इनका होगा और विपक्ष भी इनका होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित