जयपुर , नवंबर 07 -- राजस्थान की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स ( एजीटीएफ) के प्रयासों से लॉरेंस विश्नोई गिरोह का कुख्यात बदमाश हरि बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया हैं।

पुलिस के अनुसार पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार संगठित अपराध एवं आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध चलाये गये अभियान में यह बड़ी सफलता मिली हैं और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एजीटीएफ) दिनेश एम.एन. के निर्देशन में राजस्थान एजीटीएफ के प्रयासों से लॉरेंस विश्नोई गिरोह का सक्रिय सदस्य एवं फरार गैंगस्टर हरिचन्द जाट उर्फ हरि बॉक्सर को अमेरिका में हिरासत में लिया गया हैं और इसे भारत लाने की कार्रवाई जारी है।

राजस्थान पुलिस ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाकर आरोपी की तलाश के लिए इंटरपोल को करीब पांच देशों में 14 बार रेफरेंस भेजे गये। आरोपी के विरुद्ध प्रोविजनल अरेस्ट रिक्वेस्ट, अपडेटेड ब्रीफ डोजियर एवं फिंगरप्रिंट भी भेजे गये।

हरी बॉक्सर (40) कोटपुतली-बहरोड़ जिले के बासदयाल थाना क्षेत्र में चतरपुरा गांव का निवासी एवं लॉरेंस विश्नोई के जबरन वसूली रैकेट का एक सक्रिय सदस्य है। यह लॉरेंस गिरोह के लिए विशेष रुप से राजस्थान , हरियाणा, और मुम्बई में सक्रिय था और विदेश में रहकर गिरोह के लिए रंगदारी और फायरिंग जैसी घटनाओं में संलिप्त रहा है। यह अप्रैल 2023 में भारत से विदेश में फरार हो गया था। हरि बॉक्सर ने बॉलीवुड के जाने माने निदेशक रोहित शेट्टी के मुंबई में घर के बाहर फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इसकी जिम्मेदारी ली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित